बिजली लाइन विस्तार के दौरान साइट इंजीनियरों से मारपीट

महासमुंद। ग्राम अमावस में 11 केवी विद्युत लाइन के विस्तार कार्य के दौरान साइट इंजीनियरों से मारपीट और मोबाइल तोड़ने के मामले में तुमगांव पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एके इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर साइट इंजीनियर शुभम मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक 3 अगस्त 2026 को अमावस में बेलटुकरी फीडर की 11 केवी विद्युत लाइन का विस्तार कार्य चल रहा था। दोपहर करीब 1 बजे गांव का योगेंद्र जेंड्रे उर्फ यमराज नशे की हालत में पहुंचा और साइट इंजीनियर अर्जुन वर्मा से काम बंद करने को कहा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। शुभम मिश्रा ने बीच-बचाव कर अर्जुन को छुड़ाया। इसके बाद जगत टंडन भी मौके पर पहुंचा और काम बंद करने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान जब शुभम बिरकोनी जेई को फोन कर रहे थे, तब योगेंद्र जेंड्रे ने उनका मोबाइल पटककर तोड़ दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 324(4), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।