हादसे में युवक की मौत, दोस्त ने परिजनों से छिपाई सच्चाई
मर्ग जांच में खुलासा, बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
महासमुंद। सांकरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद घटना की सच्चाई छिपाने के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गोपालपुर निवासी जैजैराम भोई (30) 15 जून 2026 को अपने साथी त्रिनाथ भोई के साथ बाइक क्रमांक सीजी 04 डीQ 1342 से निजी काम से सांकरा गया था। वापसी के दौरान रात करीब 8 बजे एनएच-53 पर लोहराकोट पेट्रोल पंप के पास बाइक चालक त्रिनाथ भोई ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया। इससे पीछे बैठा जैजैराम सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
गंभीर हालत में जैजैराम को डायल-112 के माध्यम से सीएचसी पिथौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि हादसे के बाद त्रिनाथ ने जैजैराम के घर जाकर परिजनों को बताया कि वह उसे सांकरा में उसके दोस्तों के साथ छोड़कर आया है। मर्ग जांच में घटना की वास्तविकता सामने आने के बाद पुलिस ने त्रिनाथ भोई के खिलाफ धारा 106(1), 240 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
