बस में सीट पर रखा पर्स चोरी
30 हजार नकद और सोने के जेवर समेत लाखों का माल पार
महासमुंद। राजा खरियार से रायपुर आना-जाना कर रही एक महिला का पर्स बस से चोरी हो गया। पर्स में मोबाइल, 30 हजार रुपए नकद और करीब 2.40 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण रखे थे। महिला की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार संजू कुमारी नायक अपने ससुर के इलाज के सिलसिले में बेटी के साथ 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे जय माता दी बस क्रमांक ओडी 26 जी 0377 से राजा खरियार से रायपुर पहुंची थीं। ससुर से मिलने के बाद वह 26 अगस्त की रात करीब 9:50 बजे तेलीबांधा रायपुर से उसी बस में बेटी के साथ राजा खरियार के लिए रवाना हुईं।
यात्री चाय-नाश्ते के लिए उतरे, सीट से गायब हो गया पर्स
27 अगस्त की दरमियानी रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच बस ग्राम मौलीमुड़ा स्थित एनएच-353 पर पेट्रोल पंप के सामने ओम ढाबा के पास रुकी। इस दौरान बस के सभी यात्री चाय-नाश्ते के लिए नीचे उतर गए। संजू कुमारी ने भी अपना पर्स सीट पर रखा और लघुशंका के लिए बस से बाहर चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटने पर सीट से पर्स गायब मिला।
पर्स में मोबाइल, नकदी और सोने के जेवर
महिला ने पुलिस को बताया कि पर्स में पुराना वीवो कंपनी का मोबाइल था, जिसमें जियो और एयरटेल के सिम लगे हुए थे। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपए नकद, 20 ग्राम की सोने की चेन/माला, 14 ग्राम के सोने के कर्णफूल, 5 ग्राम की सोने की टॉप और 4 ग्राम की सोने की अंगूठी रखी थी। महिला ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.75 लाख रुपए बताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस में सवार यात्रियों और घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
