श्रावण मास के रुद्राभिषेक व हवन-पूजन की पूर्णाहुति

11 वर्षों से जारी धार्मिक आयोजन का हुआ समापन, सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का किया गया रुद्राभिषेक
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा आयोजित एक माह तक चले रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम का शनिवार को श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में शामिल होकर पुण्यलाभ प्राप्त किया।
आयोजन के अंतिम चरण में शुक्रवार को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद सवा लाख बत्तियों से भव्य महाआरती हुई। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार सहित पूजा-अर्चना में शामिल हुए। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
पार्थिव शिवलिंगों की निकाली गई शोभायात्रा
रुद्राभिषेक के बाद पार्थिव शिवलिंगों के विसर्जन के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विशाल मेगा मार्ट परिसर से प्रारंभ होकर बम्हनी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। श्रद्धालु धार्मिक भजनों और जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
11 वर्षों से हो रहा धार्मिक आयोजन
ज्ञात हो कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा श्रावण मास के दौरान पिछले 11 वर्षों से विशाल मेगा मार्ट परिसर एवं विधायक कार्यालय के पीछे रुद्राभिषेक और हवन-पूजन का आयोजन कराया जा रहा है। इस वर्ष भी पूरे श्रावण मास श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। शनिवार को श्रावण पूर्णिमा पर 11वें वर्ष के आयोजन की पूर्णाहुति हुई।
महादेव की सेवा से मिलती है आत्मिक शांति
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भगवान महादेव की पूजा और सेवा से मन को आत्मिक शांति प्राप्त होती है। श्रावण का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस पवित्र माह में विधि-विधान से पूजन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि महादेव सभी भक्तों पर अपनी कृपा और दया दृष्टि बनाए रखें तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो, यही कामना है।