बाम्हनडीह में फिर भालू का हमला, 62 वर्षीय महिला लहूलुहान

एक माह में दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से भालू को पकड़ने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग
महासमुंद। कोमाखान तहसील के ग्राम बाम्हनडीह में भालू के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार सुबह घर के पीछे स्थित बाड़ी का दरवाजा खोलते ही वहां छिपे भालू ने 62 वर्षीय केकती तिवारी पर अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, केकती तिवारी शनिवार सुबह बाड़ी का दरवाजा खोलने पहुंची थीं। इसी दौरान वहां छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है।
एक माह में दूसरी घटना
बाम्हनडीह क्षेत्र में करीब एक माह के भीतर भालू के हमले की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले इसी माह गांव की अंजली, पिता पंडा यादव पर भी भालू ने हमला किया था। बताया गया था कि भालू ने बच्ची को अपने पंजों में जकड़ लिया था और बुरी तरह नोंच डाला था। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई थी।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय भालू को तत्काल पकड़ने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
खेत में आराम कर रहे मजदूर पर भी किया था हमला
इससे पहले गत बुधवार को बागबाहरा की शहरी सीमा से लगे एक खेत में भालू ने मजदूर ईश्वर यादव (55) पर हमला कर दिया था। हमले में उनकी बाईं कनपटी से लेकर नीचे तक पंजों के गंभीर घाव आए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें महासमुंद रेफर किया गया था।
ईश्वर यादव वार्ड-7 के निवासी हैं और अपने ससुराल में रहकर खेतों में मजदूरी करते हैं। बुधवार को वे मोहल्लेवासियों के साथ शराब भट्टी के सामने स्थित खेत में मजदूरी करने गए थे। दोपहर में भोजन करने के बाद वे खेत में ही आराम करने के लिए लेट गए। इसी दौरान उन्हें पास से खुसफुसाहट और किसी जानवर के आने की आवाज सुनाई दी। नींद में उन्होंने इसे गाय या कोई अन्य जानवर समझकर भगाने का प्रयास किया, लेकिन सामने अचानक भालू आ गया और उसने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर तीन भालू मौजूद थे, जिनमें से एक ने ईश्वर यादव पर हमला किया। घायल मजदूर को तत्काल बागबाहरा अस्पताल पहुंचाया गया। वन विभाग की ओर से उन्हें तत्काल 2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और हमलावर भालू को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।