बाइक से 25 लीटर महुआ शराब ले जाते दो पकड़े, नाबालिग भी शामिल

महासमुंद। सांकरा पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन करते एक युवक और विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है। मामले में शराब से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक क्रमांक सीजी 06 जीवाई 6995 से अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक को रोककर तलाशी ली। बाइक सवार टिंकू ओगरे (21) और एक नाबालिग के कब्जे से कुल 25 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने शराब स्वयं बनाकर जंगल में रखने तथा उसे परसवानी निवासी रोहित चौहान के पास छोड़ने के लिए ले जाना बताया। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर टिंकू ओगरे, रोहित चौहान तथा विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।