तीरंदाजी में महासमुंद के तीरंदाजों ने साधा निशाना, पदकों की लगाई झड़ी

31 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम, डोमेश्वरी-दुर्गेश्वरी समेत कई खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन
महासमुंद। बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में महासमुंद के तीरंदाजों ने पदकों की झड़ी लगाते हुए जिले का मान बढ़ाया है। 7 से 10 अक्टूबर तक हुई प्रतियोगिता में रायपुर संभाग से जिले के 31 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। तीरंदाजी में डोमेश्वरी साहू ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम कर तहलका मचा दिया, वहीं बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा के खिलाड़ियों ने अकेले 12 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर डोमेश्वरी साहू, दुर्गेश्वरी साहू सहित कई खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
डोमेश्वरी ने जीते तीन स्वर्ण पदक
बालिका 19 वर्ष वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग की डोमेश्वरी साहू ने रिकर्व राउंड में 70 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कोरिंग-1 में स्वर्ण, स्कोरिंग-2 में स्वर्ण तथा ओवरऑल स्कोरिंग में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इसी तरह बालिका 17 वर्ष वर्ग के कंपाउंड राउंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग की दुर्गेश्वरी साहू ने 50 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा की ओवरऑल स्कोरिंग में चौथा स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं।
बिहाझर के खिलाड़ियों ने जीते 12 पदक
बॉल आश्रम बिहाझर, बागबाहरा में नियमित तीरंदाजी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। यहां से चांदनी साहू (पिता बलदेव साहू) ने तीन स्वर्ण, वैशाली साहू ने तीन रजत, कमलेश साहू ने तीन कांस्य तथा चांदनी साहू (पिता टेकचंद साहू) ने तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा जया कुमारी पहाटिया और गजेंद्र निषाद ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं की ओवरऑल स्कोरिंग में चौथा स्थान हासिल किया। दोनों का चयन भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इन स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग, पीएम श्री सेजेस तुमगांव, नवजीवन मिशन स्कूल तुमगांव, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाटापारा तुमगांव, देवासीस अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल बागबाहरा, शासकीय मिडिल स्कूल खोपली, शासकीय हाई स्कूल खोपली, स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोमाखान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकमा तथा सेजेस बागबाहरा एएलजी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
विभिन्न आयु वर्गों में जिले की मजबूत भागीदारी
14 वर्ष बालक वर्ग में तेज कुमार साहू, भावेश कुमार साहू, दीपांशु जांगड़े, दूदीत्य नारायण पहाटिया, प्रियांशु ठाकुर और शुभम पाठक तथा बालिका वर्ग में आराध्या सोनी, हर्षा प्रजापति और अदिति पाठक ने भाग लिया।
17 वर्ष बालक वर्ग में लक्ष्मण चंद्राकर, कमलेश साहू, तोरण यादव, गजेंद्र निषाद, टूकेश साहू, लिलेश जलछत्री, मनीष साहू और वासुकांत साहू तथा बालिका वर्ग में चांदनी साहू, जया कुमारी पहाटिया, वैशाली साहू, तृषा प्रजापति, चांदनी साहू और दुर्गेश्वरी साहू ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
19 वर्ष बालक वर्ग में भूपेंद्र निषाद, ओम प्रकाश ध्रुव, प्रियांशु साहू, लोकेश निषाद, कुशोराम साहू और रितेश साहू तथा बालिका वर्ग में डोमेश्वरी साहू और सुप्रिया साहू ने भागीदारी की।
प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई
राज्य दल में महासमुंद जिले से तीरंदाजी प्रशिक्षक हिरेंद्र देवांगन, एवन कुमार साहू, डॉ. सुनील कुमार भोई तथा मैनेजर कमला मांझी शामिल रहीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रशिक्षकों, व्यायाम शिक्षकों, शाला विकास समिति सदस्यों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.