ट्रेन का इंतजार कर रहे 5 तस्कर दबोचे, स्कूटी सवार 2 भी पकड़े

महासमुंद। जिले में गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन निश्चय लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को कोमाखान और खल्लारी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 7 गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 43.160 किलो गांजा जब्त किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 21.58 लाख रुपए है। दोनों मामलों में मोबाइल, नकदी और स्कूटी मिलाकर पुलिस ने 22 लाख 68 हजार 190 रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर तीन पुरुष और दो महिलाएं बैग में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। तलाशी में 30.160 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 15.08 लाख रुपए है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बालीगुड़ा, ओडिशा से भावनगर, गुजरात ले जाकर खपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीन मोबाइल और 5,190 रुपए नकद समेत कुल 15,48,190 रुपए की संपत्ति जब्त की। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी), 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
इधर, खल्लारी पुलिस ने ग्राम आंवराडबरी के पास एनएच-353 पर नाकाबंदी कर खरियार रोड की ओर से आ रही सुजुकी एक्सेस स्कूटी को रोका। तलाशी में सफेद प्लास्टिक बोरी से 13 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 6.50 लाख रुपए है। पुलिस ने स्कूटी, दो मोबाइल समेत कुल 7.20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गांजा खरियार रोड, ओडिशा से महासमुंद की ओर लाना बताया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कार्रवाई सटीक सूचना, त्वरित घेराबंदी और समन्वय के आधार पर की गई। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।