राज्य में महतारी वंदन योजना का सफलतापूर्वक 30 माह पूर्ण

मुख्यमंत्री साय मंगलवार 25 अगस्त को 31वें किस्त की राशि का अंतरण कर मातृ शक्तियों को देंगे रक्षाबंधन की सौगात
बालोद, 24 अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा राज्य के मातृ शक्तियों का सम्मान करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सबल, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु राज्य में प्रारंभ किए गए महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना सफलतापूर्वक 30 माह पूर्ण हो गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री साय मंगलवार 25 अगस्त को विकासखण्ड मुख्यालय डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदियों एवं स्व सहायता समूह के सम्मान समारोह के अवसर पर महतारी वंदन योजना के 31वें किस्त की राशि का अंतरण कर राज्य के मातृ शक्तियों को रक्षाबंधन की सौगात देंगे। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत अब तक इस योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के खाते में 19 हजार 444 करोड़ रूपये की राशि का भुगतान किया जा रहा है। अब शीघ्र ही राज्य के माता एवं बहनों को 31वें किस्त की राशि की सौगात भी मिलने वाली है। इस योजना से होने वाले भुगतान एवं अन्य जानकारी प्राप्त करने हेतु महतारी वंदन योजना के पोर्टल https://mahtarivandan.cgstate.gov.in अथवा महतारी वंदन योजना के मोबाइल ऐप से हितग्राही प्लेस्टोर से डाउनलोड कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के जिन हितग्राहियों का केवायसी नही हुआ है उन्हें अनिवार्य रूप से अपने आंगनबाड़ी केन्द्र के कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों से संपर्क कर 31 अगस्त 2026 तक ईकेवायसी करने को कहा गया है। जिससे उन्हें इस योजना के राशि का भुगतान निर्बाध रूप से सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही इस योजना से लाभान्वित जिन हितग्राहियों का देहांत हो गया है उनका नाम लाभ सूची से हटाया जाना आवश्यक है। इसके लिए महतारी वंदन योजना के सार्वजनिक पोर्टल में घटना प्रतिवेदित कर अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सूचित कर इस संबंध में जानकारी दी जा सकती है।