टी.बी. मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर, 10 अगस्त 2026/ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिला कांकेर में टी.बी. मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने एवं जिले को टी.बी. मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर महादेव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में नए चयनित विकासखंड नोडल अधिकारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों, विभागीय समन्वय, टीबी मरीजों की पहचान एवं उपचार, जन जागरूकता, निक्षय मित्र, सामुदायिक सहभागिता तथा टीबी मुक्त ग्राम, क्षेत्र की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही जिले में टी.बी. उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। टी.बी. उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग जैसे- पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों सहभागिता निभाने के लिए कहा गया है।
टीबी के संभावित मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार शुरू करने के संबंध में जानकारी देते हुए संबंधित नोडल चिकित्सक द्वारा बताया गया कि लंबे समय से खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना, भूख कम लगना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण पाए जाने पर व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों से अपील की गई कि वे अपने मैदानी अमले के माध्यम से टीबी के लक्षण वाले लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें और टीबी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक में सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे व ए.एस. पैकरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. के.के धु्रव सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
