जिला स्तरीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता में महासमुंद का दबदबा, सभी वर्गों में बनी विजेता
तुमगांव में आयोजित प्रतियोगिता से संभाग स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन
खेल अधिकारी ने दी योजनाओं और आगामी प्रतियोगिताओं की जानकारी
महासमुंद। जिला स्तरीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन 29 जुलाई को तुमगांव में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में महासमुंद, बसना और बागबाहरा विकासखंडों के 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महासमुंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग के व्यायाम शिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन करना था।
समापन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों, नेशनल ट्राइबल गेम्स-2026, वन डिस्ट्रिक्ट-वन स्पोर्ट्स, अस्मिता लीग, खेल अलंकरण, उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना सहित शासन की विभिन्न खेल योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चिन्हांकन एवं खेल विकास को लेकर विभाग की कार्ययोजना से भी अवगत कराया।
प्रतियोगिता के परिणामों में 14 वर्ष बालिका वर्ग में महासमुंद ने प्रथम, बागबाहरा ने द्वितीय तथा बसना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के आधार पर संभाग स्तरीय स्पर्धा के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया गया।
चयनित खिलाड़ियों में सेजेस तुमगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग, तुसदा, भंवरपुर, छपोराडीह एवं मुरेना के खिलाड़ियों को विभिन्न आयु वर्गों में अवसर मिला। वहीं 17 एवं 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग के लिए पब्लिक स्कूल तुमगांव, सेजेस हिंदी महासमुंद, सेजेस तुमगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुसदा, द न्यू होली फेथ स्कूल महासमुंद, बेलसोंडा, भोरिंग तथा छपोराडीह के खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में शिक्षा विभाग के व्यायाम शिक्षकों एवं निर्णायकों इंद्राणी भास्कर, डोलेश होता, अंजनी साहू, अंजू प्रजापति, एनआईएस प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, अभिषेक निर्मलकर, जगदीश धीवर, लिशांशु साहू, शुभांश शर्मा एवं गीतांजलि साहू का विशेष योगदान रहा।
चयनित खिलाड़ियों को जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल, हिना ढालेन सहित अन्य अधिकारियों ने बधाई देते हुए संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
