चारामा में नेचर पार्क के सामने “ट्री एटीएम” का किया गया स्थापना
नागरिकों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे
उत्तर बस्तर कांकेर 28 जुलाई 2026/ हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने एवं जनसहभागिता से वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वनमंडल कांकेर के अंतर्गत चारामा परिक्षेत्र में नेचर पार्क जैसाकर्रा चारामा के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने “ट्री एटीएम” की स्थापना की गई है। इस अभिनव पहल के माध्यम से वर्षा ऋतु के वर्तमान रोपण सत्र में क्षेत्र के किसान, ग्रामवासी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं इच्छुक नागरिकों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। ट्री एटीएम में स्थानीय जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुसार पौधे प्राप्त कर उन्हें अपने खेतों, घरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर रोपित कर सकते हैं। चारामा परिक्षेत्र का यह ट्री एटीएम वन विभाग की जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल है, जो वृक्षारोपण को सरल, सुलभ एवं जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वन विभाग ने किसानों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल का अधिकतम लाभ उठाएँ तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लें, इससे क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण भी होगा।
