धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवाओं के संघर्ष की जीत: द्वारिकाधीश यादव

कांग्रेसियों ने मनाया जश्न, पटाखा फोड़े
महासमुंद। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेसियों ने पटाखा फोड़कर जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेसियों ने राहुल गांधी जेन जी के लिए जिंदाबाद के नारे लगाए। इस अवसर पर खल्लारी विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने इसे देश के करोड़ों युवाओं, छात्रों और उनके अभिभावकों के लंबे संघर्ष तथा जनआक्रोश की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम लोकतंत्र में जनता की आवाज की ताकत का प्रमाण है।
यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से छात्र आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा सरकार की विफलताओं को स्वीकार करने जैसा है और यह दर्शाता है कि जनदबाव के आगे सरकार को झुकना पड़ा।
उन्होंने कहा कि केवल एक मंत्री के इस्तीफे से समस्या का समाधान नहीं होगा। परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, एनटीए जैसी संस्थाओं में व्यापक सुधार करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
खल्लारी विधायक ने मांग की कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों को हुए मानसिक और आर्थिक नुकसान की भरपाई की जानी चाहिए तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाना चाहिए।
द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा ताकि भविष्य में किसी भी छात्र का करियर परीक्षा व्यवस्था की खामियों की भेंट न चढ़े। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक कार्यकर्ता युवाओं के हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की लड़ाई में उनके साथ खड़ा है।

इन्हें भी पढ़े