राज्य खेल अलंकरण के लिए 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 2025-26 के लिए विभिन्न खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन मांगे
सुकमा, 24 जूलाई 2026/संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़, रायपुर ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों, सम्मानों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार, प्रेरणा निधि तथा डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से 5 अगस्त तक विभाग की वेबसाइट पर आवेदन करने की अपील की गई है। इन पुरस्कारों में शहीद राजीव पांडे पुरस्कार (सीनियर वर्ग के राष्ट्रीय चौम्पियनशिप अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक अर्जित करने वाले), शहीद कौशल यादव पुरस्कार (जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में पदक विजेता), पंकज विक्रम सम्मान (विगत पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले), वीर हनुमान सिंह पुरस्कार (उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों) तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान (55 वर्ष या अधिक आयु के खेल क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी और व्यक्तिगत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नगद राशि पुरस्कार दिए जाएंगे। 19 वर्ष तक के उन खिलाड़ियों को डाइट मनी (खेलवृत्ति) भी मिलेगी, जिन्होंने राज्य स्तरीय अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। आवेदन वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) की उपलब्धियों के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा में विभागीय वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
