प्रभारी सचिव ने ली नगरीय निकाय के अधिकारियों की बैठक

अतिक्रमण रोकने से लेकर जन सुविधाओं के विस्तार पर दिए निर्देश
गरियाबंद, 29 मई 2026/ जिले के प्रभारी सचिव श्रीमती आर. संगीता ने आज जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्थित रिक्त भूमि पर अवैध अतिक्रमण को हर स्थिति में रोका जाए। उन्होंने कहा कि खाली पड़ी सरकारी या सार्वजनिक जगहों को संरक्षित रखते हुए वहां छायादार एवं फलदार वृक्षों का अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाए, जिससे शहर के पर्यावरण में सुधार आए। सभी पौधों का जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) के अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जो हितग्राही निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध एसडीएम के माध्यम से राजस्व वसूली की कार्रवाई करने तथा उन्हें प्राप्त राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएमओ अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्ण निर्वहन करें तथा सभी निर्माण कार्यों को समय अवधि में पूरा करें। बैठक में उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुदृढ़ करनी चाहिए तथा जल संरक्षण के महत्व को ध्यान में रखते हुए सभी वाटर बॉडी का जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराया जाए। जिन हितग्राहियों ने अभी तक आवास निर्माण के लिए नींव नहीं खोदी है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने और नींव खुदवाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी सचिव ने आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व सभी निर्माण कार्यों, विशेषकर नाली निर्माण तथा अधूरी परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि नाली अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुधारना आवश्यक है ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। इसके साथ ही पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से लोन सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उच्च कार्यालयों से प्राप्त निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय, संयुक्त संचालक एस. के. सुंदरानी तथा सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा उपस्थित थे।