आर. संगीता ने गरियाबंद नगरीय क्षेत्र के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
स्वच्छता, आवास, तालाब सौंदर्यीकरण एवं ईको पार्क का किया अवलोकन
गरियाबंद, 29 मई 2026/ जिले की प्रभारी सचिव एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. संगीता ने आज नगरीय निकाय गरियाबंद के विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 07 स्थित एमआरएफ सेंटर पहुंचकर स्वच्छता दीदीयों से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा कलेक्शन और कचरे के अलग-अलग वर्गीकरण के बारे में विस्तृत जानकारी ली। स्वच्छता दीदीयों द्वारा 110 प्रकार के कचरे को अलग-अलग वर्गीकृत किए जाने की जानकारी पर उन्होंने उनकी सराहना की और कार्य के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मास्क, दस्ताने, जैकेट, जूते और आवश्यक सुरक्षा सामग्री का अनिवार्य रूप से उपयोग करने को कहा।
उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से लोन लेकर अपने स्वरोजगार को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नागरिकों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को आदत में लाने पर ही नगरीय निकाय स्वच्छ और सुंदर बन सकेगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की 10 हजार से अधिक महिलाओं के द्वारा वर्षभर कचरा संग्रहण और पृथक्करण किए जाने की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर की गई।
इसके बाद उन्होंने वार्ड क्रमांक 08 में श्रीमती केशरी नागेश के प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण कर समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात से पहले आवास का लाभ मिल सके। वार्ड क्रमांक 04 में स्थित नए तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने साफ-सफाई, पिचिंग और गहरीकरण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को पर्याप्त निस्तारीकरण जल उपलब्ध हो सके और जल संवर्धन भी सुनिश्चित हो।
उन्होंने ईको पार्क का निरीक्षण कर पौधों की सुरक्षा, सिंचाई व्यवस्था, 300 लगाए गए पौधों तथा विकसित किए जा रहे ‘वुमन्स फार ट्री’ जैसे आकर्षणों की जानकारी ली। उन्होंने पार्क को बेहतर पर्यावरणीय एवं मनोरंजक स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय, संयुक्त संचालक एस. के. सुंदरानी तथा सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा उपस्थित थे।
–00–
