बम्हनी धान घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 1.16 करोड़ के गबन मामले में केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को भेजा गया जेल
महासमुंद। जिले में धान उपार्जन व्यवस्था में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान उपार्जन केंद्र बम्हनी के तत्कालीन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर किसानों के हक का 3,742 क्विंटल धान गबन करने का गंभीर आरोप है। मामले में करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये के आर्थिक घोटाले का खुलासा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति के गबन पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धान उपार्जन केंद्र बम्हनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी में हुए बड़े घोटाले का मामला सामने आया।
बताया गया कि 27 मई 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पिरदा के शाखा प्रबंधक उसत कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा धान उपार्जन केंद्र बम्हनी का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक भंडारण में भारी अंतर पाया गया। सत्यापन में 3,742 क्विंटल यानी 9,355 कट्टे मोटा धान कम मिला।
जांच में सामने आया कि समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि को मिलाकर कुल 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये का गबन किया गया है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना बसना में बीएनएस की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत (37) से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य लोगों की भूमिका और संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि घोटाले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
