अंग्रेजी शराब दुकान में मिलावटी खेल का भंडाफोड़
आबकारी टीम की औचक दबिश में 4 कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार, शराब के पाव में मिला रहे थे पानी
महासमुंद। जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब दुकान में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब में पानी मिलाने के खेल का पर्दाफाश किया है। औचक निरीक्षण के दौरान दुकान के चार प्लेसमेंट कर्मचारियों को मैकडॉवेल नंबर-1 शराब के पाव में खुलेआम पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मई को आबकारी विभाग की टीम आवश्यक निरीक्षण के लिए अचानक पिथौरा अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम ने देखा कि दुकान में कार्यरत कर्मचारी टेबल पर बैठकर मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की बोतलों (पाव) का सील खोलकर उसमें पानी की मिलावट कर रहे थे।
टीम ने तत्काल दबिश देकर करन सोनटके, उमेश मन्नाडे, नारायण निषाद और हेमंत पटेल को मौके पर ही पकड़ लिया। जांच में शराब की बोतलों में पानी मिलाने की पुष्टि होने पर चारों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) (मदिरा में मिलावट) के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपियों के कब्जे से मैकडॉवेल नंबर-1 के 10 पाव, जिनमें पानी की मिलावट की गई थी, 4 आधे भरे पाव, 54 साबुत ढक्कन, पानी की बोतलें तथा एक लीटर की बोतल में लगभग 90 मिली विदेशी मदिरा बरामद की। पूरी कार्रवाई आबकारी उप निरीक्षक पिथौरा हृदय कुमार तिरपुड़े के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सरायपाली मिर्जा जफर बेग एवं अनिल कुमार झारिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
