पेंशन हितग्राहियों को डी.एल.सी. सत्यापन करना अनिवार्य

हितग्राही मोबाईल एप के माध्यम से स्वयं कर सकते है सत्यापन
गरियाबंद, 15 मई 2026/ समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के सभी हितग्राहियों के लिए डी.एल.सी. सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डीपी ठाकुर ने बताया कि हितग्राही अपने ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, नगर पालिका, नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क कर एंड्रॉइड मोबाइल के प्ले स्टोर पर उपलब्ध बेनिफिसरी सत्यापन एप के माध्यम से डी.एल.सी. सत्यापन करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त हितग्राही मोबाइल एप डाउनलोड कर पंजीयन के बाद अपना सत्यापन स्वयं कर सकते हैं। जिन हितग्राहियों का सत्यापन अभी शेष है, वे समय रहते प्रक्रिया पूर्ण कर लें। जिससे उन्हें नियमित रूप से पेंशन राशि प्राप्त होती रहे। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना सत्यापन पूर्ण करा लें, ताकि पेंशन राशि के भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न हो।