सिरपुर के गंधेश्वर महादेव मंदिर में आज होगा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का विशेष आयोजन
एलईडी स्क्रीन पर होगा मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी
महासमुंद। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : अटूट आस्था के 1000 वर्ष” के विशेष आयोजन के अंतर्गत 11 मई को सुबह 9 बजे पुरातात्विक एवं धार्मिक नगरी गंधेश्वर महादेव मंदिर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर मुख्य आयोजन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिव भजन एवं सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विनय कुमार लंगेह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रशासन द्वारा मंच एवं बैठक व्यवस्था, स्टेज निर्माण, एलईडी स्क्रीन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, लाइट एवं माइक व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है। व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी जनपद पंचायतों, ग्राम सचिवों एवं कोटवारों के माध्यम से गांव-गांव में मुनादी एवं बैठकों के जरिए लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पेयजल एवं टॉयलेट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम का समय सुबह 9 बजे अतिथियों का मंदिर परिसर में आगमन होगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे शिव स्तुति, भजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं महारती,
सुबह 10 बजे से 10:20 बजे तक शिव भजन एवं नृत्य प्रस्तुति, सुबह 10:20 बजे से 10:30 बजे तक सोमनाथ संवाद, सुबह 10:30 बजे से 11 बजे तक भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण, सुबह 11:15 बजे प्रसाद वितरण होगा। प्रशासन ने आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
