कानून व्यवस्था पर विधायक द्वारिकाधीश यादव का हमला

पद्म सम्मानित फूलबासन बाई यादव के अपहरण प्रयास को बताया सरकार की विफलता का प्रमाण, उग्र आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक विफलता इस हद तक बढ़ गई है कि अब आम नागरिक ही नहीं, बल्कि पद्म सम्मानित विभूतियां भी सुरक्षित नहीं हैं।
विधायक यादव ने हाल ही में राजनांदगांव में पद्म सम्मान से सम्मानित समाजसेविका फूलबासन बाई यादव के कथित अपहरण प्रयास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजसेविका को उनके घर से धोखे से उठाकर ले जाने की कोशिश की गई। यदि ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध, लूट, अपहरण और असुरक्षा के माहौल से जनता का सरकार और प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है।
विधायक यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल विज्ञापनों में ‘सुशासन’ का दावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में प्रदेश ‘जंगलराज’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह पंगु हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को तत्काल नहीं सुधारा गया और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। विधायक यादव ने मांग की कि फूलबासन बाई यादव मामले में शामिल सभी मास्टरमाइंड्स और आरोपियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इन्हें भी पढ़े