ओडिशा बॉर्डर पर 9.690 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। सरायपाली पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ओडिशा सीमा पर घेराबंदी कर एक तस्कर को 9.690 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 किलो 690 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (एचएफ डिलक्स) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कुल मिलाकर 4 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
पुलिस को 5 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-09 जेएल -5200 में गांजा लेकर सिंघोड़ा होते हुए सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बैतारी तिराहा, नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें प्लास्टिक बोरी में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान चमन उर्फ बसंत चंद्रवंशी (24 वर्ष), निवासी मोहतराकला, थाना पण्डातराई, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) के रूप में बताई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के कवर्धा क्षेत्र में खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह तस्करी प्रयास विफल हो गया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।