बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत: योगेश्वर राजू सिन्हा
प्रचार से लौटे विधायक का महासमुंद में जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
महासमुंद। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत को लेकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इसे लोकतंत्र और जनता के विश्वास की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ जनता की मजबूत आवाज है।
विधायक श्री सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार-प्रसार किया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जब वे सोमवार रात महासमुंद लौटे, तो स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पश्चिम बंगाल के साथ-साथ असम और पुडुचेरी में मिली जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि यह जनादेश भाजपा के विकास मॉडल और सांस्कृतिक पहचान में जनता के लगातार बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत में वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि जनता ने पूरी आस्था के साथ भाजपा के पक्ष में मतदान किया है।
उन्होंने आगे कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को जनता का स्पष्ट समर्थन है। साथ ही ‘डबल इंजन सरकार’ की अवधारणा को मजबूती मिली है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करते हुए विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से बुनियादी ढांचे का विस्तार होता है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचता है।
रणनीतिक नेतृत्व के लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को श्रेय देते हुए कहा कि देशभर में भाजपा के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता की भी सराहना की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, वरिष्ठ नेता संदीप दीवान, रमेश साहू, पवन पटेल, देवीचंद राठी, संदीप घोष, श्याम साकरकर, हरवंश सिंह, गोविंद ठाकुर, भाऊराम साहू, रेखा बेहरा, हनीश बग्गा, माखन पटेल, सोनाधार सोनवानी, राकेश सचदेवा, आकाश पांडे, अमित साहू, शरद मराठा, रामेश्वर पटवा, नईम खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
