बम्हनी में समाधान शिविर: 1166 आवेदनों में 548 का मौके पर निराकरण
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल
ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
महासमुंद। सुशासन तिहार के अंतर्गत महासमुंद विकासखंड के ग्राम बम्हनी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने की।
शिविर में जनपद सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, माखन पटेल, जतीन रूपरेला, अरविंद प्रहरे, शरद मराठा, राजू चंद्राकर सहित क्षेत्र के सरपंचगण, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
16 पंचायतों से पहुंचे 1166 आवेदन
शिविर में 16 ग्राम पंचायतों—बिरकोनी, अछरीडीह, घोडारी, मुढेना, बेलसोडा, नांदगांव, बड़गांव, बरबसपुर, चिंगरौद, बम्हनी, बरोंडाबाजार, भलेसर, लाफिनखुर्द, लाफिनकला, खरोरा एवं साराडीह से कुल 1166 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 548 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष 618 आवेदनों के समाधान की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएगी।
विधायक ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। विधायक श्री सिन्हा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन-प्रशासन गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुशासन के माध्यम से प्रत्येक गांव का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, वात्सल्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से इनका अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।
सड़क निर्माण के लिए 9.26 करोड़ की स्वीकृति
विधायक ने क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-353 से साराडीह तक 5.025 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 9.26 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता बताई।
समस्याओं के समाधान के लिए नियमित शिविर
उन्होंने बताया कि प्रत्येक 10 से 15 पंचायतों के बीच ऐसे समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे संवाद के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके। पेयजल, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को बैंक लोन चेक, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अभिनंदन पत्र वितरित किए गए। साथ ही सुपोषण टोकरी और उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में ग्रामीणों का रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर और मधुमे की जांच की गई।
