पति समेत तीन पर महिला से मारपीट व प्रताड़ना का अपराध दर्ज
शराब के नशे में रोजाना उत्पीड़न, अस्पताल में भी किया हंगामा
महासमुंद। ग्राम टेका की एक 22 वर्षीय महिला ने अपने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत पिथौरा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शादी के एक माह बाद शुरू हुआ अत्याचार
पीड़िता प्रिया पटेल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 22 जनवरी 2026 को ग्राम टेका निवासी प्रकाश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के महज एक माह बाद ही उसका पति शराब के नशे में घर आकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। उसने आरोप लगाया कि पति उसे ठीक से भोजन भी नहीं देता और मायके वालों से संपर्क व आना-जाना भी बंद करा दिया।
अवैध संबंध को लेकर हुआ था समझौता
महिला ने यह भी बताया कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। इस मामले को लेकर गांव में बैठक भी हुई थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद पति का व्यवहार नहीं बदला।
बीमारी में भी नहीं मिली मदद, दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले तबीयत खराब होने पर उसने पति से अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन पति ने इलाज कराने के बजाय उसे जान से मारने की धमकी दी। ससुर केशव पटेल और राम पटेल भी बेटे का साथ देते हुए उसके साथ गाली-गलौज और विवाद करते रहे।
अस्पताल में भी किया विवाद और अभद्रता
महिला ने बताया कि तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे रिश्तेदार के यहां ग्राम सराईपाली भेजा गया, जहां से 27 अप्रैल को उसे सरकारी अस्पताल पिथौरा लाया गया। यहां भी उसके पति ने परिजनों के साथ विवाद किया और अस्पताल की नर्स के साथ अभद्रता की। मामले की शिकायत के बाद पिथौरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
