उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 को

24 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
राजनांदगांव 21 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का राज्यव्यापी आयोजन किया जा रहा है। राजनांदगांव जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 99 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 24 हजार 185 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से 12.15 बजे तक रहेगा। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।
व्यापम द्वारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए है। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश सुबह 9.30 बजे के बाद पूर्णत: बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में कम से कम 2 घंटे पूर्व पहुंचे ताकि फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और अन्य प्रक्रियाएं सुचारू रूप से पूर्ण हो सकें। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मान्य फोटो पहचान पत्र लाना होगा। अभ्यर्थी हल्के रंग के सादे कपड़े पहनकर आएं। गहरे रंग, भारी डिज़ाइन, फैंसी या संदिग्ध कपड़ों से बचें। जूते की जगह चप्पल व सैंडल पहनने। परीक्षा केंद्र में मोबाईल फोन, ब्लूटूथ व स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कोई भी लिखित सामग्री, नोट्स या पुस्तिका, धातु व इलेक्ट्रॉनिक युक्तियां, वस्तुएं किसी भी परिस्थिति में अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल व पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है। फ्रिस्किंग की कड़ी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, नियमों का पालन और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की गई है।