आधुनिक बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड बना युवाओं की पहली पसंद
फारेस्ट ग्राउंड में तैयार सुविधा से बच्चों और युवाओं को मिला सुरक्षित व आधुनिक खेल मंच, फ्लडलाइट और नेटिंग से लैस मैदान
महासमुंद। जिले के ब्लॉक महासमुंद अंतर्गत फारेस्ट ग्राउंड में तैयार किया गया बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड युवाओं और बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। अगस्त 2025 में पूर्ण होकर यह मैदान आम नागरिकों और खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया था।
पहले शहर में बड़े खेल मैदानों की कमी और गलियों में बढ़ती वाहनों की भीड़ के कारण बच्चों और खिलाड़ियों को क्रिकेट खेलने के लिए सुरक्षित व उपयुक्त स्थान नहीं मिल पाता था। इस समस्या के समाधान के रूप में हाउसिंग बोर्ड द्वारा 4842 वर्ग फुट के सीमित क्षेत्र में यह आधुनिक बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड विकसित किया गया है।
यह ग्राउंड सुबह 6 से 9 बजे तक और शाम 4 से 8 बजे तक दो पालियों में संचालित होता है। इसमें स्कूली बच्चे, युवा और कामकाजी लोग अपनी सुविधा अनुसार खेल का आनंद ले रहे हैं। 15-20 मिनट के छोटे फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस खेल ने व्यस्त जीवनशैली वाले लोगों को भी फिटनेस और मनोरंजन का बेहतर विकल्प दिया है।
मैदान में फ्लडलाइट की सुविधा उपलब्ध होने से खिलाड़ी रात में भी अभ्यास कर सकते हैं। साथ ही फ्लोर मेट और चारों ओर मजबूत नेटिंग की व्यवस्था से खेल पूरी तरह सुरक्षित हो गया है, जिससे गेंद खोने या आसपास की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका समाप्त हो गई है।
कम संख्या में खिलाड़ी भी आसानी से खेल सकते हैं, जिससे यह ग्राउंड हर आयु वर्ग के लिए उपयुक्त साबित हो रहा है। लगभग 25.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना ने जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूती दी है और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित कर रही है।
एन.आई.एस. क्रिकेट कोच तृपेश कुमार साहू के अनुसार, बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड में अभ्यास करने से समय की बचत होती है और खिलाड़ी कम समय में अधिक अभ्यास कर पाते हैं। इससे बच्चों की तकनीक में तेजी से सुधार हो रहा है और वे प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो रहे हैं।
