1.72 लाख करोड़ का बजट ऐतिहासिक – अमन
महासमुंद। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमन वर्मा ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत 2026-27 के 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प’ थीम पर आधारित यह बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को मजबूती देगा।
अमन ने बताया कि बजट में युवाओं पर विशेष फोकस किया गया है। उच्च शिक्षा, तकनीकी संस्थानों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्टार्टअप और नवाचार के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं। विश्वविद्यालयों को अनुदान, व्यावसायिक परीक्षा मंडल के विस्तार, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना, आईटीआई-पॉलिटेक्निक उन्नयन, नए सीजीआईटी संस्थान, इन्क्यूबेशन सेंटर और मेगा परीक्षा केंद्र जैसे कदम युवाओं को सशक्त बनाएंगे। किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज, 18 वर्ष की बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये, 23 नए उद्योगों की स्थापना, ई-वाहन सब्सिडी, नवा रायपुर में राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी, कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार योजना और वनों के संरक्षण हेतु विशेष प्रावधान जैसे निर्णय बजट को सर्वहितैषी बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को सर्वाधिक 22 हजार करोड़ रुपये का आवंटन और एमएसएमई व स्टार्टअप्स के लिए नई निवेश प्रोत्साहन नीतियां स्थानीय युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर देंगी। यह बजट वास्तव में विकास, विश्वास और युवाशक्ति का बजट है।
