राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में छग टीम से कंचन ने जीता गोल्ड मेडल
महासमुंद। राजधानी रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में आदर्श हाईस्कूल आत्मानंद महासमुंद की कंचन यादव ने छत्तीसगढ़ टीम से फाइट में गोल्ड मेडल जीत कर महासमुंद और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उनका चयन 25 से 28 जून को मलेशिया में होने वाले इंटरनेशनल कराते प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कंचन ने बताया कि प्रतियोगिता वर्ल्ड कराते फेडरेशन के मानक मापदंडों पर हुआ। जिसमें उनका मुकाबला असम, नागालैंड और महाराष्ट्र की टीम के साथ हुआ। कंचन यादव ने 39 किग्रा वजन वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। ग्राम बोरियाझर की रहने वाली कंचन यादव ने साबित कर दिया है कि मन में कुछ करने की ठान लो तो लक्ष्य तक पहुंचने से कोई रोक नहीं सकता। कंचन ने बताया कि उन्होंने कराते करियर की शुरूआत 7 साल पहले की। लड़कियों के साथ हो रहे अत्याचार की घटनाओं को टीवी व पेपर में देखते हुए मास्टर नीलकंठ साहू से प्रेरणा लेकर कराते सीखने और लड़कियों को कराते सिखाने की ठानी और सुरक्षा के लिए गांव में रहने वाली लड़कियों को भी अब वह इस कला को सीखा रही है। ताकि, गांव की लड़कियां भी अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। कंचन ने बताया कि प्रशिक्षण देने की प्रेरणा उन्हें मास्टर नीलकंठ साहू से मिली है। उनके निर्देशन में सरकार की रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना द्वारा गांवों के सरकारी स्कूलों में कराते का प्रशिक्षण दे रही हैं। दस हजार लड़कियों को कराते सेल्फ डिफेंस सिखा कर आत्मनिर्भर बना चुकी हैं। इनकी जीत पर खेल मंत्री, कैबिनेट मंत्री, कलेक्टर, एसपी, इंटरनेशनल कराते मास्टर प्रदेश अध्यक्ष नीलकंठ साहू, शेखर साहू, खुशी साहू ने हर्ष जताया है।
