नगर पालिका डोर-टू-डोर लगाएंगे डिजिटल नंबर प्लेट : निखिलकांत

सम्पत्ति कर, समेकित कर, जल कर ऑनलाइन घर बैठे जमा कर सकेंगे नागरिक
महासमुंद। नगर पालिका को डिजिटल बनाने की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के सराहनीय पहल के बीच एक सुखद खबर सामने आई अब पालिका क्षेत्र के हर घर में डिजिटल नंबर प्लेट, क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिससे कर दाताओं को पालिका द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के अलावा टैक्स भुगतान के लिए दफ्तर का चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगी। ज्ञात हो कि डिजिटल नंबर प्लेट लगाए जाने के सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के पूर्व ही महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पालिका दफ्तर में आॅनलाइन भुगतान सेवा शुरू कर नागरिकों को राहत प्रदान की थी। नपाध्यक्ष श्री साहू की यह पहल डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है। जिसका लक्ष्य सरकारी सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाना है।
नपाध्यक्ष ने बताया कि पालिका क्षेत्र के घरों में अब शीघ्र डिजिटल नंबर प्लेट लगाए जाएंगे। इसके लिए पूर्व में पालिका द्वारा जीआईएस सर्वे संपन्न किया जा चुका है। घर-घर डिजीटल डोर नं. लगाने सर्वेयर भी निकाय में आ चुके हैं। जिनके द्वारा वार्डों में डिजीटल डोर सर्वे किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उक्त संबंध में समस्त नगर वासियों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि यह कार्य पालिका क्षेत्र के करदाताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। शीघ्र ही इसकी शुरुआत होगी। नंबर प्लेट में क्यूआर कोड लगा होगा। जिसकी मदद से उपभोक्ता पालिका द्वारा प्रदत्त सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसी के साथ नंबर प्लेट पर एक यूनिक नंबर भी दिया होगा।
श्री साहू ने बताया कि डिजिटल नंबर प्लेट लगाने से आगजनी की शिकायत, घरों से कचरा नहीं उठने आदि की शिकायत पर कर्मचारियों को घर ढूंढ़ने में कोई परेशानी नहीं होगी। क्यूआर कोड से मकान मालिक का नंबर भी जुड़ा होगा। ऐसे में फोन करते ही पालिका को फोन करने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी मिल जाएगी। यूनिक नंबर प्लेट में वार्ड, मकान मालिक का नाम और मकान नंबर लिखा होगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में शहर की सभी मकानों, भवनों और कांप्लेक्स का जीआइएस सर्वे कराया गया था। डिजिटल नंबर प्लेट घरों में लगने से लोगों को घर बैठे मकान टैक्‍स, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, नल कनेक्शन, नामांतरण, भवन निर्माण अनुज्ञा, वाटर हार्वेस्टिंग, नियमितीकरण, पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, विवाह पंजीयन, आय, मूल निवास, जाति, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत 26 तरह की सेवाएं मिलने लगेंगी। इन सेवाओं के लिए घर से ही आवेदन किया जा सकेगा। इस पहल से कर दाताओं को संपत्ति कर, समेकित कर, जल कर सहित अन्य कर ऑनलाइन जमा करने में सुविधा होगी। तथा पालिका कार्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।