घने जंगल के बीच एएनटीएफ-पुलिस की रेड, शराब बनाते 5 गिरफ्तार

150 लीटर कच्ची शराब, 21 क्विंटल महुआ लहन जब्त
महासमुंद। जिले के सांकरा थाना और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने ग्राम बिजेपुर के जंगल में छापा मारा। इस कार्रवाई में टीम ने 150 लीटर महुआ शराब और बड़ी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री जब्त की। पुलिस ने अवैध रूप से शराब बनाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें आबकारी अधिनियम के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सांकरा पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिजेपुर के जंगल में नहर के पास अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने तत्काल जंगल में छापेमारी की योजना बनाई।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से भट्टे पर बन रही 150 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त, पांच स्टील के बर्तन भी बरामद किए गए, जिनकी कीमत 2 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्त सामग्री की कीमत 32 हजार रुपये आंकी गई है।
टीम ने शराब बनाने के लिए रखे गए 70 बोरियों में 2100 किलोग्राम (21 क्विंटल) महुआ लहन को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस लहन से लगभग 2100 लीटर कच्ची महुआ शराब बनाई जा सकती थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिजेपुर, सांकरा थाना, जिला महासमुंद निवासी मुकेश बाघ (40), गुलाब बाघ (64), रोशन बाघ (35), बृजेश बाघ (28) और नरेंद्र बाघ शामिल हैं। सभी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।