परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें: कलेक्टर
केंद्राध्यक्षों को सभी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
महासमुंद। 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से जिले में केंद्राध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विजय कुमार लंगेह ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देते हुए परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी केंद्राध्यक्षों को निर्धारित रूट चार्ट का अनिवार्य रूप से पालन करने, परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सुव्यवस्थित ढंग से बैठाया जाए और शौचालय-बाथरूम की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक तत्वों द्वारा व्यवधान उत्पन्न होने पर तत्काल तहसीलदार, एसडीएम अथवा फ्लाइंग स्क्वॉड को सूचना दी जाए। विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर परीक्षा के भय को दूर करने और सकारात्मक वातावरण बनाने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में कलेक्टर ने विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए शेष विद्यार्थियों का शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाम या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-3 भरकर संबंधित विकासखंड कार्यालय में जमा करने को कहा गया। उन्होंने सत्र 2025-26 में विभिन्न मदों में प्राप्त राशि का नियमानुसार और समयबद्ध व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि विद्यालय विकास कार्यों में धनराशि का प्रभावी उपयोग हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा , समन्वय संस्था के प्राचार्य हेमंत आचार्य सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा, एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, एपीसी सांप बोस, सुबोध तिवारी, बीईओ सरायपाली टीकम चंद पटेल, विज्ञान परिषद के समन्वयक जगदीश सिन्हा, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
