रक्तदान के क्षेत्र में चिरमिरी की ऐतिहासिक पहल

युवा मोर्चा ने स्वास्थ्य मंत्री के जन्मदिन पर 100 यूनिट रक्तदान कर बनाया नया कीर्तिमान
चिरमिरी, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़)। सेवा, समर्पण एवं मानवता के संदेश को चरितार्थ करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी के जन्मदिवस के अवसर पर 30 सितंबर 2026 को मंगल भवन, पोड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा, चिरमिरी मंडल द्वारा भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और कुल 100 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा हेतु सराहनीय योगदान दिया।
इस आयोजन के माध्यम से चिरमिरी ने रक्तदान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। एक दिन में 57 यूनिट रक्तदान के पूर्व रिकॉर्ड को पार करते हुए 100 यूनिट रक्तदान किया जाना पूरे एमसीबी जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह सफलता युवाओं के सेवा भाव, सामाजिक जागरूकता तथा जनकल्याण के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करती है।
कार्यक्रम भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजकुमार वधावन, जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, जिला एमसीबी, एवं ओमप्रकाश अग्रवाल, एल्डरमेन, नगर पालिक निगम चिरमिरी, की विशेष उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में युवाओं ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
शिविर में प्रमुख रूप से आकाश दास, आकाश वधावन, निखिल राय, आदित्य श्रीवास्तव, प्रताप अधिकारी, हर्ष आइच,संदीप राय, हरिनाथ सिंह,निखिल कुमार, सुमित पांडे, ऋषि मोहंती, अंश खटिक एवं आयुष वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान यह संदेश दिया गया कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने में सहायता मिल सकती है। रक्त की आवश्यकता किसी भी समय पड़ सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित होना चाहिए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा, चिरमिरी मंडल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी जनसेवा, सामाजिक जागरूकता एवं मानव कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।