एसआईआर, वोटरों के बीच फोटो को लेकर गलतफहमी को दूर करने घर-घर जाएंगे बीएलओ
गरियाबंद 25 नवम्बर 2025। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अर्हता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में पुनरीक्षण का कार्य आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित कराया जा रहा हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को पत्र प्रेषित कर कहा है कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार बूथ लेवल अधिकारी 4 दिसम्बर 2025 तक घर-घर जाकर मतदाताओं से विधिवत् भरा हुआ गणना पत्रक (इन्युमिरेशन फार्म) प्राप्त करेंगे। बूथ लेवल अधिकारी द्वारा वितरित गणना पत्रक में यदि मतदाता अपने फोटो से संतुष्ट नहीं हैं या फोटो धुंधला है अथवा अस्पष्ट हैं, ऐसी स्थिति में मतदाता चाहे तो अपना नवीन फोटो उपलब्ध होने पर बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा सकेंगे। बूथ लेवल अधिकारी भी सीधे बीएलओ एप के माध्यम से फोटो खींचकर अपलोड कर सकते है। सभी मतदाताओं को फोटो देने की आवश्यकता नहीं हैं। मतदाताओं को अनिवार्यतः नवीन फोटो उपलब्ध कराने संबंधी मतदाताओं के मध्य फैल रही भ्रांतियों के संबंध में अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक किया जायें। उक्त निर्देशों को बीएलओ सुपरवाइजर के संज्ञान में अवश्य लायें साथ ही विधानसभा स्तर पर सभी राजनैतिक दलों की बैठक आहूत कर वस्तुस्थिति से अवगत करावें।
