कनेकेरा में कनेश्वर महादेव में हुई शिवगंगा महाआरती

महासमुंद। कनेकेरा के स्वयंभू कनेश्वर युवा विकास समिति द्वारा कनेश्वनर महादेव मंदिर प्रांगण में विशाल चुनरी अर्पण एवं शिव गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के सैंकड़ों की संख्या में ग्रामवासियों ने उपस्थित होकर आयोजन का आनंद उठाया। पं. पंकज तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान मितेंद्र चंद्रकांता चंद्राकर से पंडितों ने विधि विधान से मां गंगा का पूजन कराकर 251 फीट चुनरी अर्पित की गई। कनेश्वर मंदिर के तालाब में आयोजित इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि चुनरी तालाब के बीचों बीच दूसरे छोर से मंदिर तक रस्सी के माध्यम से अर्पित की गई। इस दौरान मंत्रोच्चार किया जाता रहा। कनेकेरा में आयोजित इस प्रथम आयोजन का आसपास के ग्रामीण जहां साक्षी बने वहीं तालाब के सभी ओर दीप प्रज्जवलित कर रोशन किया गया। पश्चात पांच पंडितों ने महाकाल मुक्तिधाम समिति महासमुंद के ढोल झांझ के साथ मां गंगा की शंख, चंवर,वस्त्र, धूप,कपूर व दीप से भव्य आरती की। इस आयोजन में मंदिर समिति के सदस्यों व ग्रामीणों के अलावा राजेश नायक, जुगनू चंद्राकर, मूलचंद लढ्ढा, दिलीप जैन, प्रहलाद यादव, लालू यादव आदि की प्रमुख भूमिका रही।