‘सेवा संकल्प नहीं, विफलताओं पर पर्दा डालने का प्रकल्प है भाजपा का अभियान’ : आलोक
कांग्रेस नेता ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बढ़ती लागत और कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से शुरू किए गए एक माह के ‘सेवा संकल्प’ अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव आलोक चंद्राकर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अभियान को ‘सेवा संकल्प नहीं, बल्कि सरकार की विफलताओं पर पर्दा डालने का सुनियोजित प्रकल्प’ करार दिया।
आलोक चंद्राकर ने कहा कि देश और छत्तीसगढ़ महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ है, जिसके कारण शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में खाद, बीज और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से खेती की लागत लगातार बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नीतियों और वादों पर जनता को जवाब देने के बजाय एक महीने तक आत्मप्रशंसा और उत्सव में लगी हुई है। यह जनता की समस्याओं और पीड़ा की अनदेखी है। चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा जिन 25 वर्षों की जनसेवा का प्रचार कर रही है, उसके समानांतर आम जनता आर्थिक दबाव, बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याओं का सामना कर रही है।
गरीब-मध्यम वर्ग पर बोझ का आरोप
आलोक चंद्राकर ने आरोप लगाया कि गरीब और मध्यम वर्ग पर करों का बोझ बढ़ाया जा रहा है, जबकि बड़े कारोबारी समूहों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों की गति और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सरकारी तंत्र और धनबल का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जा रहा है, जबकि आम जनता की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम वास्तविक जनसेवा के बजाय सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
