इनोवा में छिपाकर ले जा रहे थे 132 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
81.20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त, कंधमाल से पुणे ले जाया जा रहा था गांजा
महासमुंद। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 132 किलो गांजा बरामद किया है। बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान इनोवा कार क्रमांक एमएच 04 जीएम 8841 को रोककर तलाशी ली। वाहन से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 66 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार गांजा लेकर बसना क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए तस्करों में गणेश बाजे (42) पिता रामदास बाजे, निवासी पिपलवंडी, थाना अनेपारा, जिला पुणे, महाराष्ट्र। विपुल भालेराव (36) पिता रामचंद्र भालेराव, निवासी कलंब, तालुका आंबेगांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 132 किलो गांजा, कीमत 66 लाख रुपए, इनोवा कार, कीमत करीब 15 लाख रुपए तथा दो मोबाइल फोन, कीमत करीब 20 हजार रुपए जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।
80.400 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल
अंतरराज्यीय सीमा पर एएनटीएफ और कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर एक कार से 80.400 किलो अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 40 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा, दो मोबाइल फोन और कार सहित कुल 48 लाख 40 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ और कोमाखान पुलिस को एनएच-353 ग्राम टेमरी जांच नाका पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला और पुरुष कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने राजमार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कार का इंतजार किया। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की कार को रोककर तलाशी ली गई।
कार की जांच में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम अभिजीत डिगाल (23), निवासी रायकिया, थाना रायकिया, जिला कंधमाल (ओडिशा) बताया। उसके साथ कार में बैठी महिला ने अपना नाम जयश्री प्रधान (26), निवासी किलाकिया, थाना सारंगढ़, जिला कंधमाल (ओडिशा) बताया। पूछताछ में दोनों ने गांजा कंधमाल से रायपुर ले जाने की बात पुलिस को बताई।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(II)(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में गांजे के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
