बेमचा में 81.94 लाख की लागत से सड़क-सह-नाली निर्माण का भूमिपूजन

850 मीटर सड़क बनेगी ने किया शुभारंभ
महासमुंद। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेमचा में बुधवार को सड़क-सह-नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विधि-विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 81.94 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस मार्ग से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा।
योजना के तहत ग्राम बेमचा में फोकटपारा चौक से ईश्वर चंद्रवंशी के घर की ओर 850 मीटर लंबी सड़क-सह-नाली का निर्माण किया जाएगा। भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं नाली निर्माण से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने और गांव में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
विकास कार्यों को प्राथमिकता
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद से महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में भी लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के माध्यम से लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, महामंत्री अग्रज शर्मा, वरिष्ठ नेता गोविंद ठाकुर, अरविंद प्रहरे, राजेंद्र चंद्राकर, लखनु निर्मलकर, रोहित चंद्राकर, सरपंच देवेंद्र चंद्राकर, एल्डरमैन लाल विजय सिंह, पार्षद पीयूष साहू, गुड्डा सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े