चैतन्य की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने किया चक्काजाम

केन्द्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा : कांग्रेस
महासमुंद। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा कथित द्वेषपूर्ण गिरफ्तारी के विरोध में आज पीसीसी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी जिले अलग-अलग ब्लाॅक में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया है। इस दौरान कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। जाम में फंसे यात्री परेशान होते रहे।
नेशनल हाईवे 53 नदी मोड़ ओव्हरब्रिज, तुमगांव नेशनल हाईवे 53 ज्ञानी ढाबा के पास, बागबाहरा के नेशनल हाईवे 353 टेमरी चौक और सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर के पास चक्काजाम किया। जिला मुख्यालय में नदी मोड़ ओव्हर ब्रिज पर पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के नेतृत्व में, तुमगांव में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, सरायपाली में कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और बागबाहरा में कांग्रेस विधायक
द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में चक्का जाम किया गया। इस दौरान ईडी और केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। दोपहर करीब 12 बजे कांग्रेसी ओव्हर ब्रिज पर इकट्ठा हुए और चक्काजाम करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा द्वेषपूर्ण गिरफ्तारी के विरोध में पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी का निर्णय लिया गया था। जिसके तहत जिले के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार सरकारी एजेंसियों का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग कर रही है। सरकार की विफलताओं, उसकी कमियों को उजागर करने वाले, जनता की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को डराने तथा उनकी आवाज को दबाने के लिए द्वेषपूर्ण असंवैधानिक कृत्य भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। प्रदेश की जल, जंगल और जमीन को अडानी जैसे उद्योगपतियों के हवाले कर दिया गया है। शासकीय संस्थाओं को निजी हाथों में दिया जा रहा है और विरोध करने वालों पर झूठा केस बनाकर उन्हें प्रताड़ित करने का काम भाजपा कर रही है। भाजपा के असंवैधानिक कृत्यों के विरोध में यह चक्काजाम है। घंटे भर के चक्का जाम से नेशनल हाईवे 53 घोड़ारी और महानदी पर हजारों वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस कतार में यात्री बसें भी जाम में फंसे रहे। उमस भरी गर्मी से खास कर बसों में बैठे यात्रियों को काफी परेशानियां का सामना करना पड़ा। सभी भूखे प्यासे इधर-उधर भटकते रहे। इस जाम से मेडिकल सेवाओं को मुक्त रखा गया। इस दौरान दाऊलाल चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर, दिलीप जैन, हीरा बंजारे, प्रहलाद चंद्राकर, हीरा बंजारे आदि उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.