घर-घर जाकर लगभग 46 हजार 350 लोगों का किया जायेगा मलेरिया जांच
मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान
गरियाबंद 09 जुलाई 2025/ राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत मलेरिया मुक्त छ.ग. अभियान के क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ यू.एस. नवरत्न ने बताया कि इस अभियान के तहत गरियाबंद जिले के गरियाबंद एवं मैैनपुर विकासखण्ड के मलेरिया प्रभावित क्षेत्र एवं पहुंचविहिन ग्रामों में घर-घर जाकर लगभग 46 हजार 350 लोगों का मलेरिया जांच किया जायेगा। इस पर कलेक्टर ने सर्वे करने के उपरांत पाये गये धनात्मक मरीजों को पूर्ण उपचार एवं गंभीर मलेरिया प्रकरणों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में रिफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलेरिया मुक्त छ.ग. अभियान के तहत पाये गए धनात्मक मरीज के घर के आस-पास स्त्रोंत नियंत्रण गतिविधि भी किया जाए। जैसे मच्छर के लार्वा को नष्ट करने के लिए जली हुई तेल या केरोसीन तेल का छिड़काव करने के निर्देश दिये। डॉ नवरत्न ने बताया कि मलेरिया मुक्त छ.ग. अभियान के 12वां चरण के क्रियान्वयन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है एवं रैपिड रिस्पोंस टीम का गठन भी किया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला मलेरिया अधिकारी के द्वारा मलेरिया के रोकथाम एवं बचाव हेतु आवश्यक जानकारी दी गई है। इस दौरान बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी.आर. मरकाम सहित अंतर्विभागीय समन्वय समिति के सदस्यगण, अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला-गरियाबंद, व्ही.बी.डी.टेक्निकल सुपरवाईजर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
