भारतीय बास्केटबॉल टीम से खेलते हुए दिव्या ने जीता स्वर्ण पदक
महासमुंद। अंडर 16 एशियन चैंपियनशिप क्वालीफायर 12 से 15 जून तक आयोजित किया गया। जिसमें भारतीय टीम ने श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीप से लगातार मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता एवं फीबा अंडर 16 वूमेन एशियन चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जो 14 से 20 सितम्बर 2025 तक मलेशिया में आयोजित होने जा रहा है।
भारतीय बास्केटबॉल बालिका टीम में छत्तीसगढ़ से जिले की दिव्या रंगारी ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जिला आगमन पर जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के पदाधिकारियों एवं अन्य संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। दिव्या राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर इंडिया टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहीं।
