रेलवे क्रासिंग पर फुट ओवरब्रिज निर्माण पर रोक की मांग
व्यवसायों ने कलेक्टर से मिलकर बताई समस्या
महासमुंद। तुमगांव रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के आसपास के निवासियों एवं व्यावसायियों ने सोमवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होनें तुमगांव रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज की आवश्यकता नहीं होने और प्रस्तावित निर्माण को निरस्त करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रिंस चावला, अमरजीत सिंग खालसा (शम्मी), विनोद साहू, योगेश साहू, किशोर वर्मा, आताबुल खान आदि ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर यहां पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। जिसके निर्माण के लिए मार्किंग कराई जा रही हैै। आसपास के निवासियों के लिए मार्ग व नाली आदि बंद हो जाएंगे। साथ ही आस-पास के 20-25 घरों के रहवासियों को आवाजाही में कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा तथा मकान में प्रवेश के लिए मार्ग पूर्णत: अवरूद्ध हो जाने से घर से निकलने कोई अन्य विकल्प नहीं रहेगा।
इन्होनें बताया कि इस फुट ओवरब्रिज के लिए आसपास के किसी भी निवासी द्वारा कभी कोई मांग नहीं की गई। और तो और पूर्व विधायकों द्वारा भी लिखित में उक्त स्थान पर किसी भी प्रकार का कोई फुट ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता नहीं होने की बात कही गई है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि उक्त प्रस्तावित निर्माण को तत्काल निरस्त कराए जाते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
