शहीद की पत्नी को राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी नियुक्त करने पत्र

महासमुंद। नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने सुकमा में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे की धर्मपत्नी को राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी नियुक्त करने की मांग मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की है। श्रीमती महिलांग ने पत्र में लिखा है कि महासमुंद सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में सेवा देकर स्व गिरिपुंजे ने प्रशासनिक जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। सुकमा जिले में उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी। उनकी इसी कर्तव्यनिष्ठा व छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति शहादत को ध्यान में रखते हुए उनकी धर्मपत्नी स्नेहा गिरिपुंजे को राज्य सरकार तत्काल राज्य प्रशासनिक सेवा का पद (डिप्टी कलेक्टर) पर नियुक्त करें।