हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा शाला प्रवेशोत्सव

महासमुंद। बीआरसी भवन महासमुंद में निरीक्षण के लिए पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने जनपद पंचायत महासमुंद में चल रही जनप्रतिनिधियों की बैठक में जनपद सदस्यों व जनप्रतिनिधियों को प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि 16 जून से प्रदेशभर के सभी विद्यालयों का नया सत्र प्रारंभ हो रहा है, और उसी दिन से शाला प्रवेश उत्सव भी पूरे हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि आप जब विद्यालयों में बच्चों के बीच पहुंचेंगे, तो बच्चों का मनोबल और माता-पिता का विश्वास बढ़ेगा। शिक्षा सिर्फ सरकारी दायित्व नहीं, यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय खुलते ही छात्रों को पाठ्य पुस्तकें, गणवेश एवं मध्यान्ह भोजन समय पर प्राप्त हो। इसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। विद्यालयों में छोटे-मोटे मरम्मत कार्य, रंग-रोगन, शौचालय-किचन शेड की सफाई आदि के लिए विद्यालयों को शाला अनुदान की आधी राशि पूर्व में प्रदान कर दी गई है। संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे शाला खुलने से पूर्व टाइम-टेबल और पाठ्यक्रम विभाजन तैयार कर लें, ताकि पहले दिन से ही पढ़ाई प्रभावी ढंग से प्रारंभ हो सके।
समुदाय की भागीदारी, शिक्षा का आधार
जिला शिक्षा अधिकारी ने दोहराया कि एक सशक्त विद्यालय वही होता है, जहाँ पालक, शिक्षक और समाज मिलकर बच्चों का भविष्य संवारते हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को विद्यालयों के शाला प्रवेश उत्सव में विशेष रूप से आमंत्रित किया और यह संकल्प दोहराया कि शिक्षा के इस पावन यज्ञ में आपकी सहभागिता बच्चों के जीवन को नई दिशा दे सकती है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान, उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद बीएस मंडावी, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे।