महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धापूर्वक नमन

महासमुंद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा शहर, ग्रामीण एवं कोमाखान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री द्वारिकाधीश यादव के अगवाई में विधायक कार्यालय बागबाहरा में श्रद्धापूर्वक जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके जीवन, संघर्ष, त्याग, तपस्या एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया।
श्री यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देशवासियों को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर पूरी दुनिया के सामने मानवता और शांति का संदेश प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश के सामने अनुकरणीय आदर्श स्थापित किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश का नेतृत्व किया। उनका सादा जीवन और उच्च विचार आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणादायी हैं।
श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान नेताओं के विचार आज भी देश और समाज के लिए प्रासंगिक हैं। वर्तमान पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा शहर अध्यक्ष लखबीर सिंह छाबड़ा, कोमाखान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, फिरोज मेमन, गिरीश पटेल, गणेश कुमार शर्मा, देवेश साहू, लोकेश दीवान, बी.आर. माझी,
चन्दूलाल साहू, यादराम ध्रुव, केवल यादव, बलराम ध्रुव, सुरेश पटेल, खिलेश्वर सिन्हा, अंजोर सिंह ठाकुर, दुर्गा सागर, अशोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम साहू, जितेंद्र क्षत्रिय, दिनेश मोगरे, राजेश सोनी, वसीम रजा, युगेन्द्र चक्रधारी, भानु खड़िया, खेमलाल यादव, घसिया सवारा, भीम ठाकुर, कोमलचंद यादव, राजू साहू, सुनील व्यहार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा देश और समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।