खल्लारी विधानसभा में 32.96 करोड़ से सुधरेंगे दो प्रमुख सड़क मार्ग

आवराडबरी–कोमा–कोलदा–खुसरूपाली और भूरकोनी–खड़ादरहा मार्ग का होगा चौड़ीकरण व मजबूतीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इन दोनों कार्यों पर कुल 32 करोड़ 96 लाख 43 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। सड़क विकास के इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवराडबरी–कोमा–कोलदा–खुसरूपाली मार्ग के किलोमीटर 7 से 14 तक कुल 8 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 13 करोड़ 38 लाख 28 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी तरह भूरकोनी–खड़ादरहा मार्ग के 10.25 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 19 करोड़ 58 लाख 15 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आवागमन को मिलेगा लाभ
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की बात कही गई है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान होगी। वहीं सड़क अधोसंरचना मजबूत होने से क्षेत्र में आर्थिक एवं विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने सड़क कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
ठाकुर ने खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयास और सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क, जनसुविधाओं का विस्तार और क्षेत्र का समग्र विकास प्राथमिकता में है।