ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की वाहन की टक्कर से मौत
महासमुंद। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोड़ारी में गुरुवार रात एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपने ससुराल मंदिर हसौद जा रहा था। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि धीरज यादव सिंघनगढ़ का रहने वाला था। वह गांव से अपने ससुराल मंदिर हसौद जा रहा था तभी घोड़ारी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना को देख इसकी सूचना थाने में दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
