क्लस्टर वार समाधान शिविर 5 मई से, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
कोरिया 29 अप्रैल 2025। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने कलेक्टरेट के सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी 5 मई से शुरू हो रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले समाधान शिविरों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाधान शिविर के पूर्व अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों के सम्बंध में विशेष निर्देश दिए हैं। क्लस्टर वार समाधान शिविर 5 से 31 तारीख तक चिन्हांकित ग्रामों, वार्डों में आयोजित किए जाएंगे, जहां आम नागरिकों की मौजूदगी में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा शिविर स्थल पर समस्याओं, शिकायतों, मांग से सम्बंधित आवेदनों पर त्वरित निर्णय भी लिया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन गांव के आम, पीपल, बरगद या नीम पेड़ के नीचे चौपाल की तर्ज पर किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने, अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी देने और प्रचार सामग्री जैसे पम्पलेट, हैंडबिल, पुस्तिकाएं वितरित करने के निर्देश दिए हैं।
