पेंशन नियम में संशोधन प्रस्ताव का विरोध करने का फैसला

महासमुंद। जिले में पेंशनर संगठन का विस्तार और पेंशनरों की समस्याओं के निदान को लेकर जिला पंचायत सभागार महासमुंद में पेंशनरों की बैठक संपन्न हुई। उक्त बैठक भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रमुख अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीके वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री पूरन सिंह पटेल की उपस्थिति और छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव की अध्यक्षता में हुई। केंद्र सरकार द्वारा पेंशनरों को आठवें वेतनमान में लाभ देने के मामले में 25 मार्च को पारित वित्त विधेयक पेंशन नियम में संशोधन प्रस्ताव का विरोध करने का निर्णय बैठक में लिया गया। सेवानिवृत्त व्याख्याता रिखीराम साहू को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ जिला महासमुंद का सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। मुख्य अतिथि बी के वर्मा ने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ राष्ट्रीय विचारधारा को लेकर पेंशनरों के हित में काम करने वाला आल इंडिया स्तर का एकमात्र संगठन है जो देश में 22 राज्यों में काम कर रहा है। उन्होंने बैठक में राज्य सरकार से पेंशनरों और परिवार पेंशनरों के लिए केन्द्र के समान केन्द्र की देय तिथि से एरियर सहित 5 प्रतिशत महंगाई राहत देने की मांग की।
पहलगांव हमले के दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने ईश्वर से प्रार्थना की गई। बैठक में गणेशराम साहू, रामलाल श्रीवास्तव, ज्ञानसिंह चंदेल, चोवाराम साहू, लोकनाथ यादव, कृष्णकुमार श्रीवास्तव, परशुराम ध्रुव, हरिराम नसीने, कैलाशचंद्र साहू, मनूलाल साहू, रामकुमार साहू, रघुनाथ सिन्हा, नरोत्तम साहू, प्रभात पांडे, देवनारायण व अन्य रहे।