राजस्व पखवाड़ा 7 से
कोंडागांव, 03 अप्रैल 2025/ राज्य शासन के निर्देशानुसार राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रदेश के प्रत्येक जिले के ग्रामों में राजस्व पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसके लिए माहवार तिथि निर्धारित की गई है, जिसके तहत राजस्व पखवाड़ा का आयोजन माह अप्रैल में 07 अप्रैल 2025 से 21 अप्रैल 2025 तक किया जाएगा।
इसी प्रकार मई माह में 13 मई 2025 से 27 मई 2025 तक और जून माह में 16 जून 2025 से 30 जून 2025 तक आयोजित होगा।
इस दौरान लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत राजस्व प्रकरणों पर समय सीमा में कार्यवाही की जाएगी। इस पखवाड़े में अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, वृक्ष कटाई, विवादित नामांतरण विवादित खाता विभाजन, अभिलेख त्रुटि सहित अन्य प्रकरणों का शत प्रतिशत निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। शिविर स्थल पर ही बी वन, खसरा एवं किसान किताब के प्राप्त आवेदनों के निराकरण के साथ आय, जाति, निवास संबंधी समस्त आवेदनों का लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से ऑनलाईन प्रविष्टि एवं समय सीमा में शत प्रतिशत निराकरण किया जाएगा।
